सुरक्षित मातृत्व की दिशा में सार्थक पहल, वाल्मीकिनगर में गर्भवती महिलाओं की हुई विशेष जांच।

0
85



Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर :- प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत सोमवर को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाल्मीकिनगर (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) पर विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच सेवाएं उपलब्ध कराना और जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कैंप में चिकित्सकों की टीम ने गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की। इस दौरान उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान कर उन्हें उचित परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। गर्भावस्था के दौरान समय-समय पर जांच कराना अत्यंत आवश्यक होता है, जिससे मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा सके और किसी भी संभावित जटिलता से पहले ही निपटा जा सके। शिविर में मौजूद चिकित्सक डॉक्टर धीरज कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित और स्वस्थ मातृत्व प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान अत्यधिक रक्तस्त्राव महिलाओं की मृत्यु का एक प्रमुख कारण होता है। यदि प्रसव पूर्व जांच के दौरान खून की कमी या अन्य कोई समस्या सामने आती है, तो समय रहते उसका उपचार संभव हो पाता है। इसी क्रम में महिलाओं को आयरन की गोलियां दी गईं और पोषक आहार लेने की सलाह भी दी गई। इस स्वास्थ्य शिविर में 35 से अधिक गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जांच के दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, यूरिन, हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए। जांच के उपरांत महिलाओं को आवश्यक दवाएं भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को खान-पान पर विशेष ध्यान देने, संतुलित आहार लेने और हरी सब्जियों, फल, दूध एवं आयरन युक्त भोजन को अपने दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी। डॉक्टरों ने महिलाओं को भारी वजन उठाने से परहेज करने, अधिक मात्रा में पानी पीने और पर्याप्त आराम करने की भी हिदायत दी गई। इसके अलावा नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने और किसी भी असामान्य लक्षण की स्थिति में तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत प्रत्येक माह की नौ तारीख को स्वास्थ्य केंद्रों पर सुरक्षित मातृत्व शिविर का आयोजन किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को उनके घर के नजदीक ही सभी प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और जोखिम की प्रारंभिक पहचान को आसान बनाना है। इससे न केवल मातृ मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलती है, बल्कि नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य में भी सुधार होता है। स्थानीय महिलाओं ने इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से उन्हें समय पर जांच और सही परामर्श मिल पाता है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षित मातृत्व को लेकर जागरूकता बढ़ रही है और गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। मौके पर एएनएम सुनीता कुमारी, रूबी कुमारी, जीएनएम आरती कुमारी, नंदकिशोर सैनी, विनय कुमार आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here