सोमवती अमावस्या पर महिलाओं ने की पीपल पूजा, परिवार के सुख-समृद्धि की मांगी कामना।

0
70

Spread the love

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।

बेतिया/मझौलिया। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही महिलाओं ने व्रत रखकर मंदिरों एवं पीपल वृक्षों के समीप पहुंच पूजा-अर्चना की। विभिन्न गांवों और मोहल्लों में स्थित पीपल वृक्षों के चारों ओर महिलाओं की भीड़ जुटी रही। महिलाओं ने विधि-विधान के साथ पीपल वृक्ष की पूजा कर उसकी परिक्रमा की तथा पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि और संतानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी का स्मरण करते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया। कई महिलाओं ने पीपल वृक्ष पर जल अर्पित कर कच्चा सूत बांधा और श्रद्धापूर्वक आराधना की।


आचार्य उपेंद्र तिवारी ( वेद जी) ने बताया कि जब अमावस्या तिथि सोमवार के दिन पड़ती है तो उसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है। सनातन धर्म में इस व्रत का विशेष महत्व माना गया है। उन्होंने कहा कि इस दिन पीपल वृक्ष की पूजा करने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर किए गए दान, जप, तप और पूजा का कई गुना फल प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि पीपल वृक्ष में सभी देवी-देवताओं का वास माना गया है। इसलिए इस दिन पीपल की पूजा और परिक्रमा का विशेष महत्व है। सोमवती अमावस्या को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा। मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही और महिलाओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ व्रत एवं पूजा-अर्चना संपन्न की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here