विश्व रक्तदाता दिवस पर SSB का मानवीय संदेश, कमांडेंट ने स्वयं रक्तदान कर जवानों और आमजन को किया प्रेरित।

0
47

Spread the love

बगहा व गंडक बराज बीओपी में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

ब्यूरो विवेक कुमार सिंह 

बगहा/वाल्मीकिनगर:- विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं वाहिनी, बगहा द्वारा रविवार को वाहिनी परिसर बगहा एवं समवाय गंडक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बेतिया के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों तथा बल कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर की सबसे विशेष बात यह रही कि 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने स्वयं रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। उनके इस प्रेरणादायक कदम से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में जवानों एवं अधिकारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं में सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। रक्तदान शिविर में बेतिया की चिकित्सकीय टीम ने सभी इच्छुक रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा पूरी सावधानी और सुरक्षा मानकों के अनुरूप रक्त संग्रहण किया। साथ ही चिकित्सकों ने रक्तदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में कमांडेंट श्री राउत ने कहा कि “रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए रक्त जीवनदान साबित हो सकता है। समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है कि हम समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दें।” उन्होंने सभी कार्मिकों एवं नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। कार्यक्रम के अंत में रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया गया तथा इस पुनीत कार्य में उनके योगदान की सराहना की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here