अवैध बालू खनन पर प्रशासन का शिकंजा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक व दो मजदूर हिरासत में।

0
33

Spread the love

खनन विभाग की जांच में बिना चालान मिला 94 CFT बालू, मालिक पर भी केस दर्ज कराने की अनुशंसा

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर। वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। इस मामले में चालक, दो मजदूरों और कथित वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की अनुशंसा की गई है। खनन विभाग की जांच में वाहन पर बिना वैध दस्तावेज के करीब 94 CFT बालू लदा पाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वाल्मीकिनगर पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान पिपरा कुट्टी वर्मा टोला के समीप एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की। जांच में वाहन पर बालू लदा मिला। पुलिस ने चालक एवं दो मजदूरों को हिरासत में लेकर वाहन सहित थाना परिसर में सुरक्षित रखा। इसके बाद खनिज विकास पदाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच एवं सत्यापन किया गया। खनन विभाग की टीम द्वारा जांच के दौरान महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर मॉडल 275DI पाया गया। वाहन पर कोई पंजीयन संख्या अंकित नहीं थी। ट्रैक्टर का इंजन नंबर RRC2EAN1494 तथा चेसिस नंबर MBNABAEXKRRC15498 दर्ज किया गया। वाहन लाल रंग का जबकि डाला भूरे रंग का पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि वाहन पर खनन विभाग से संबंधित कोई चालान अथवा वैध कागजात उपलब्ध नहीं थे। विभागीय अधिकारियों द्वारा की गई नापी में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगभग 94 CFT बालू लदा पाया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम गोलू कुमार उर्फ नंदकिशोर, पिता राजेंद्र कुशवाहा, निवासी चरघरिया थाना वाल्मीकिनगर बताया। वहीं दोनों मजदूरों की पहचान सन्नी कुमार पिता उमेश साह तथा संतोष थापा पिता रतन बहादुर थापा, निवासी चरघरिया के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान चालक और मजदूरों ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक रितेश कुमार उर्फ भोला साह के कहने पर पिपरा कुट्टी चौक स्थित खदान से बालू लोड कर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया। खनन विभाग ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट कहा है कि यह मामला बिहार खनिज नियमावली 2019 यथा संशोधित 2021 एवं 2024 तथा Mines and Mineral Development Regulation Act 1957 के प्रावधानों का उल्लंघन है। विभाग ने इसे सरकारी राजस्व की क्षति से जुड़ा मामला बताते हुए संबंधित आरोपितों के विरुद्ध बीएनएस 2023 की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।
इस संबंध में वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में थाना कांड संख्या अंकित कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here