



नरदेवी मंदिर में 24 घंटे गुंजा राम नाम का संकीर्तन, आदिवासी महिला मंडली की कला देख अभिभूत हुए श्रद्धालु
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के सघन वन क्षेत्र में विराजमान माता नर देवी के दरबार में विगत रविवार को हनुमान आराधना के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शुरू की गई 24 घंटे की राम नाम संकीर्तन का समापन सोमवार को भजन कीर्तन और हवन पूजन के साथ हो गया। इस मौके पर सैकड़ो श्रद्धालु माता के दरबार में उपस्थित रहे। वाल्मीकि नगर के हवाई अड्डा चौक निवासी जितेंद्र प्रसाद सुरेंद्र प्रसाद एवं वीरेंद्र प्रसाद द्वारा आयोजित इस अखंड राम नाम संकीर्तन में आदिवासी महिला मंडली ने अपनी अहम भूमिका निभाई। यज्ञ कर्ता जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि मां नर देवी की कृपा से यज्ञ का समापन सफलतापूर्वक हो गया। मौसम ने भी यज्ञ सफल कराने में हमारी मदद की है। माता के दरबार में आने से मां को सुकून और आत्मा को शांति मिलता है। सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली माता नर देवी के दरबार में लगभग 30 घंटे से ज्यादा समय व्यतीत करना सौभाग्य की बात है। आदिवासी महिलाओं द्वारा अखंड राम नाम संकीर्तन का उच्चारण भावपूर्ण माहौल में किया गया। उनकी कला को देखकर सैकड़ो की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु अभिभूत हो गए। बहुत दिनों से तमन्ना थी मां के दरबार में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन करना। वह आज सफल हो गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में सगे संबंधियों सहित क्षेत्र के लोगों ने भी पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।










