टिफिन बैठक के जरिए बीजेपी दे रही है कार्यकर्ताओं को संदेश, नेता और कार्यकर्ताओं में फर्क नहीं:- पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी।

0
546

मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट…

बेतिया/मझौलिया। पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने महा जनसंपर्क अभियान के तहत स्थानीय व्यापार मंडल परिसर में टिफिन बैठक का आयोजन किया। आयोजित इस टिफिन बैठक में पूर्व डिप्टी सीएम से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल रहे। अपने संबोधन में पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान और गरिमा विदेशों में भी बढ़ी है। आर्थिक तौर पर देश मजबूत हुआ है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से भारत चारों दिशाओं में अपनी सुरक्षा करने में सक्षम हुआ है। मोदी जी के कुशल नेतृत्व में आज भारत विश्व गुरु बनने के पथ पर अग्रसर है। विकास के लिए नए आयामों को छूता हुआ हमारा देश दिन प्रतिदिन प्रगति के पथ पर अग्रसर है। देश में आमजन के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आज बिहार में शिक्षक, किसान, सलाहकार, ठेकेदार के साथ-साथ आमजन भी बदहाल हो चला है। जो नीतीश सरकार की नाकामी और विफलता को दर्शाता है। युवा नेता राहुल कुमार ने बताया कि एक साथ बैठकर भोजन करने से आपसी भाईचारा और प्रेम बढ़ता है। गिले-शिकवे और मतभेद दूर होते हैं।

समय-समय पर इस तरह का आयोजन परिवार हो या पार्टी अवश्य होते रहना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन कल्याणकारी विकास योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए विस्तृत जानकारी दी। समाजसेवी जिला भाजपा नेता जय प्रकाश कुमार ने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने घरों से टिफिन बॉक्स लाया गया और एक जगह बैठ कर आपसी भाईचारा कायम रखते हुए एक दूसरे के साथ मिल बैठकर भोजन किया गया। जो हमारी सभ्यता संस्कृति का परिचायक है। जिला मुखिया महासंघ के सचिव सह मझौलिया पंचायत के मुखिया सत्य प्रकाश ने कहा कि सबको साथ लेकर चलने वाला व्यक्ति ही आगे बढ़ता है। ईमानदारी और परिश्रम से काम करना भारतीय जनता पार्टी की पहचान है। भाजपा सबका साथ सबका विकास सबका सम्मान की बात करती है। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here